बागडोगरा, 14 जुलाई (नि.सं.)। चाय बागान से एक सिर कटा हुआ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना बागडोगरा के हांसखोआ चाय बागान के 9 नंबर सेक्शन की है।
जानकारी के अनुसार, हर दिन की तरह आज भी चाय श्रमिक पत्तियां तोड़ने बागान में पहुंचे थे। इसी दौरान 9 नंबर सेक्शन में उन्हें एक सिर कटा हुआ शव दिखाई दिया। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में सूचना मिलने पर बागडोगरा थाना और फांसीदेवा के घोषपुकुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची।
प्राथमिक जांच में मृतक की पैंट की जेब से एक पहचान पत्र बरामद हुआ है। पहचान पत्र के अनुसार मृतक का नाम इमाम खुआ बताया जा रहा है, जो बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया का निवासी है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक पहचान की पुष्टि नहीं की है।
शव बरामद होने के बावजूद मृतक का सिर अभी तक नहीं मिला है। पुलिस को आशंका है कि किसी अन्य राज्य से लाकर रात के अंधेरे में सुनसान चाय बागान में हत्या की गई हो सकती है। फिलहाल, बागडोगरा थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
