सिलीगुड़ी,14 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी बाजार पोस्ट ऑफिस में चोरी की कोशिश को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले इस पोस्ट ऑफिस में चोरी हुई थी, जिसमें कई सामान चोरी हो गए थे। वहीं, सोमवार रात को एक बार फिर दरवाजा तोड़कर चोरी करने की कोशिश की गई, जिससे कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही सिलीगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पोस्ट ऑफिस की इंचार्ज मौसुमी साहा ने बताया कि कुछ दिन पहले भी यहां चोरी की घटना हुई थी, जिसकी जांच पहले से ही चल रही है। इस बार फिर चोरी की कोशिश से कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई है। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जल्द ही पोस्ट ऑफिस में सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और आरोपियों की पहचान जल्दी की जा सके।
