कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया है, रोजगार मेला उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ उन्हें ‘विकसित भारत’ के निर्माण की यात्रा में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी का अवसर केवल उनके व्यक्तिगत जीवन में बदलाव नहीं लाएगा, बल्कि देश के विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। यदि कोई व्यक्ति निर्दोष है तो उसे डरने की आवश्यकता नहीं है। जांच और न्यायिक प्रक्रिया में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो भारतीय कानून के अनुसार उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रोजगार मेले के माध्यम से चार राज्यों के 85 युवाओं को नियुक्ति प्रमाणपत्र सौंपे गए। वहीं, कार्यक्रम के मंच से युवाओं को देश के विकास और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य से जोड़ने का संदेश दिया गया।





