फांसीदेवा, 28 नवंबर (नि.सं.)। गौ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फांसीदेवा के विधाननगर जांच केंद्र की पुलिस ने छह मवेशियों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विधाननगर के मुरलीगंज चेकपोस्ट के सामने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान ट्रक के अंदर से छह मवेशी बरामद हुए। इसके बाद चालक और सहायक चालक से पूछताछ की गई। हालांकि, मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाने के कारण दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, बरामद मवेशियों को गोशाला भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुणाचल प्रदेश निवासी अंकित राय और बिहार निवासी हरेंद्र सिंह में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तस्कर बिहार के हाजीपुर से मवेशियों को अरुणाचल प्रदेश ले जाने की फिराक में थे। दोनों आरोपियों को शनिवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया।





