सिलीगुड़ी, 16 सितंबर (नि.सं.)। आयकर बकाया रखने वालों के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में वर्ष 2011 से करोड़ों रुपये का आयकर बकाया रखने वाले सिलीगुड़ी के कारोबारी नरेश वर्मा की दूसरी संपत्ति को भी बुधवार को आयकर विभाग ने अटैच कर लिया।
बुधवार दोपहर आयकर विभाग की सिलीगुड़ी यूनिट की टीम चंपासरी के कदमतला इलाके में पहुंची। टीम ने सड़क किनारे स्थित चार मंजिला भवन पर संपत्ति अटैच किए जाने संबंधी नोटिस चस्पा किया।
बताया गया है कि करीब दो महीने पहले आयकर विभाग ने मल्लागुड़ी के टी ऑक्शन रोड इलाके में नरेश वर्मा की तीन बीघे से अधिक जमीन के एक प्लॉट को भी अटैच किया था। हालांकि, इसके बाद भी बकाया आयकर का भुगतान नहीं किए जाने पर विभाग ने अब उनकी दूसरी संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नरेश वर्मा पर वर्ष 2011 से आयकर बकाया है। वर्तमान आकलन के अनुसार बकाया राशि चार करोड़ रुपये से अधिक है। संपत्ति अटैच करने के साथ ही विभाग ने बकाया कर का भुगतान करने के लिए डिफॉल्टर को एक महीने की अंतिम मोहलत दी है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर बकाया कर का भुगतान नहीं किए जाने पर अटैच की गई संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।





