सिलीगुड़ी, 16 सितंबर (नि.सं.)। तेरापंथ युवक परिषद सिलीगुड़ी की ओर से 17 सितंबर से 23 सितंबर तक सप्ताह व्यापी मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देश और सहयोग से यह विशेष रक्तदान अभियान आयोजित किया जा रहा है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना और अस्पतालों व उपचाराधीन मरीजों के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना है। इसके साथ ही नियमित रक्तदान के महत्व को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी अभियान का उद्देश्य है।
तेरापंथ युवक परिषद, सिलीगुड़ी के अध्यक्ष हेमंत कुमार वैद्य ने कहा कि सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के माध्यम से समाज सेवा का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने समाज के व्यापक हित में इस मानवीय पहल से जुड़ने के लिए आम लोगों से आगे आने की अपील की है।





