सिलीगुड़ी, 16 सितंबर (नि.सं.)। शहर के विभिन्न इलाकों में बार-बार बिजली कटौती की शिकायत को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की 4 नंबर एरिया कमेटी ने पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी के मिलनपल्ली सेक्टर के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान बिजली सेवा से जुड़ी कई समस्याओं को उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की गई।
कमेटी की ओर से आरोप लगाया गया कि सिलीगुड़ी के देशबंधुपाड़ा, टिकियापाड़ा, बाबूपाड़ा, मिलनपल्ली समेत कई इलाकों में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे खासकर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरम्मत कार्य का हवाला दिए जाने के बावजूद लंबे समय से बिजली कटौती की समस्या जारी रहने से आम लोगों को दिक्कत हो रही है।
इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर सरकारी पेड़ों की शाखाएं बिजली की लाइनों पर खतरनाक तरीके से झुकी हुई हैं। कुछ जगहों पर ट्रांसफार्मर भी असुरक्षित स्थिति में होने का आरोप लगाया गया है। भविष्य में किसी दुर्घटना से बचने के लिए इन इलाकों का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।





