सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास पर मोबाइल दुकान में दुस्साहसिक चोरी, इलाके में सनसनी

सिलीगुड़ी, 7 जनवरी(नि.सं.)। सिलीगुड़ी ईस्टर्न बाईपास संलग्न ठाकुरनगर इलाके में एक मोबाइल दुकान में दुस्साहसिक चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि देर रात चोरों ने दुकान की सीलिंग तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जब मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा है और ऊपर की सीलिंग टूटी हुई है। तभी चोरी की घटना का पता चला।
घटना की सूचना मिलते ही एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
दुकान मालिक ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनकी दुकान में चोरी हो चुकी है, लेकिन उस समय पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आई थी। इस बार भी उसी तरह की घटना हुई है। चोर लगभग लाखों रुपये के मोबाइल, नकद पैसे और कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए है। इसके अलावा, पुलिस द्वारा पहचान से बचने के लिए चोर दुकान का सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यवसायियों ने जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *