सिलीगुड़ी, 10 सितंबर (नि.सं.)। शहर में नागरिक सेवाओं की बदहाल स्थिति का आरोप लगाते हुए दार्जिलिंग जिला कांग्रेस ने गुरुवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर नगर निगम कार्यालय के सामने पहुंचकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस का आरोप है कि नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, कचरा सफाई समेत विभिन्न नागरिक सेवाओं की स्थिति खराब हो चुकी है। इसी के विरोध में जल्द से जल्द नगर निगम चुनाव कराने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया गया।
दार्जिलिंग जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुबीन भौमिक ने आरोप लगाया कि शहरवासियों को सही तरीके से नागरिक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। नगर निगम की सेवाओं से जुड़ी कई समस्याएं हैं और कुल मिलाकर शहर की स्थिति खराब हो चुकी है। इस दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नगर निगम के सामने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।





