सिलीगुड़ी, 10 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के भाजपा सांगठनिक जिला अध्यक्ष अरुण मंडल को पुलिस अधिकारी बनकर धमकी देने और रिश्वत मांगने के मामले में सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और प्रधाननगर थाने की पुलिस की संयुक्त टीम ने बारासात से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल अजीम मंडल (34) के रूप में हुई है। वह उत्तर 24 परगना के निवासी है।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को मल्लागुड़ी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में मौजूद अरुण मंडल के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया था। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पश्चिम बंगाल पुलिस का अधिकारी बताते हुए सुरक्षा और जान के खतरे को लेकर उन्हें धमकाया। बातचीत के दौरान प्रशासनिक सुरक्षा क्लीयरेंस दिलाने के नाम पर कथित तौर पर रिश्वत की मांग की गई।
संदेह होने पर अरुण मंडल ने कॉल करने वाले से उसकी पहचान और थाने का नाम पूछा, लेकिन वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद 2 सितंबर को अरुण मंडल ने प्रधाननगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर प्रधाननगर थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी की टीम भी जांच में शामिल हुई। तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद बुधवार को पुलिस टीम ने बारासात में अभियान चलाकर अब्दुल अजीम मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को आरोपी को बारासात से सिलीगुड़ी लाया गया। पुलिस ने उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। प्रधाननगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





