सिलीगुड़ी, 10 सितंबर (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में प्रधान शिक्षक के साथ मारपीट की घटना के विरोध में सिलीगुड़ी की एक स्वयंसेवी संस्था ने प्रतीकात्मक कार्यक्रम आयोजित किया। एकतियाशाल तिलेश्वरी अधिकारी हाई स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए शिक्षकों के सम्मान का संदेश दिया गया।
संस्था के सदस्य स्कूल पहुंचे और प्रधान शिक्षक सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्रों को समाज के प्रति जिम्मेदारी और शिक्षकों के प्रति सम्मान के महत्व के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के पैरों में फूल अर्पित कर उनका सम्मान किया। साथ ही, जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में प्रधान शिक्षक के साथ हुई घटना के लिए संस्था की ओर से क्षमा भी मांगी गई।
संस्था की ओर से कहा गया कि शिक्षक के साथ मारपीट की घटना बेहद निंदनीय है। ऐसी घटनाओं से पूरा समाज शर्मसार होता है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समाज के सभी लोगों को जागरूक होने और शिक्षकों का सम्मान करने की आवश्यकता है।





