दुर्गापूजा में दार्जिलिंग टॉय ट्रेन का खास तोहफा! 1 अक्टूबर से DHR की विशेष जॉय राइड सेवाओं का विस्तार

दार्जिलिंग, 25 अगस्त (नि.सं.)। त्योहारों के मौसम में पर्यटकों के लिए दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) खास तोहफा लेकर आ रहा है। आगामी 1 अक्टूबर से विशेष जॉय राइड सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे पर्यटकों को ऐतिहासिक टॉय ट्रेन में सफर करते हुए पहाड़ों की खूबसूरत प्राकृतिक वादियों का आनंद लेने के और मौके मिलेंगे।

डीएचआर के अनुसार, दार्जिलिंग–घूम रूट पर चार सिंगल-ट्रिप जॉय राइड और कर्सियांग–महानदी रूट पर दो राउंड-ट्रिप जॉय राइड चलाई जाएंगी।

दार्जिलिंग–घूम रूट पर डीजल इंजन जॉय राइड का किराया 800 रुपये होगा। वहीं, कर्सियांग–महानदी रूट की विशेष भाप इंजन वाली टॉय ट्रेन जॉय राइड का नाम ‘रेड पांडा’ रखा गया है, जिसका किराया 1,530 रुपये होगा।

दूसरी डीजल संचालित जॉय राइड का नाम ‘मुक्तधारा’ रखा गया है, जिसका किराया 1,030 रुपये होगा। विश्वकवि रवींद्रनाथ ठाकुर को श्रद्धांजलि देते हुए इस सेवा का नाम ‘मुक्तधारा’ रखा गया है। महानदी के पास पगलाझोरा की प्राकृतिक सुंदरता और साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के मेल को ध्यान में रखते हुए यह नाम चुना गया है।

डीएचआर को उम्मीद है कि पूजा की छुट्टियों के दौरान ये विशेष सेवाएं पर्यटकों के लिए ऐतिहासिक टॉय ट्रेन, भाप इंजन से रेल यात्रा और दार्जिलिंग की मनमोहक पहाड़ी सुंदरता का आनंद लेने का एक नया और यादगार अनुभव साबित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes