बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि बैठक अच्छी और विस्तृत रही। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं हुआ है। पहाड़ में कुछ समस्याओं, जीटीए में कर्मचारियों की कमी और लगातार बारिश के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि सभी बीडीओ से बातचीत कर समस्याओं की पहचान की गई है और आने वाले दिनों में विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर दिलीप घोष ने कहा कि भ्रष्टाचार हर जगह है। शिकायत मिलने वाले करीब 10 प्रतिशत पंचायतों में विशेष ऑडिट कराया जा रहा है। उन्होंने जीटीए में भी भ्रष्टाचार की शिकायतें होने का दावा किया है। साथ ही आवश्यक कर्मचारियों और बुनियादी ढांचे की कमी को दूर करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
इस दौरान पत्रकारों ने राज्य की राजनीतिक स्थिति और आगामी उपचुनाव को लेकर भी सवाल किए। उपचुनाव और दल-बदल के मुद्दे पर दिलीप घोष ने कहा कि कोई भी उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकता है और अभी समय बाकी है। उन्होंने कहा कि किस पार्टी में क्या समस्या है, इसकी जिम्मेदारी भाजपा की नहीं है।
दिलीप घोष ने दावा किया कि बंगाल की जनता भाजपा से विकास चाहती है और उपचुनाव के नतीजे भी उसी दिशा में जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा भारी मतों से जीत हासिल करेगी।





