नक्सलबाड़ी, 8 फरवरी (नि.सं)। रात के अंधेरे में मादक पदार्थ की तस्करी की साजिश को नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने नाकाम कर दिया। मादक पदार्थ की डिलीवरी से पहले ही पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह घटना नक्सलबाड़ी के रथखोला इलाके की है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात नक्सलबाड़ी राज्य सड़क पर मादक पदार्थ की डिलीवरी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में घूमते देख पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 100 ग्राम ब्राउन शुगर और 15 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान संजय साहनी के रूप में हुई है, जो पानीटंकी के गौरसिंहजोत इलाके का निवासी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थ के कारोबार से जुड़ा हुआ है। इससे पहले आरोपी की पत्नी को भी मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। आज गिरफ्तार आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
