दूधिया,11 सितंबर (नि.सं.)। रातभर हुई बारिश के बाद दूधिया का ह्यूमपाइप पुल एक बार फिर टूट गया है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से मिरिक जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। हालांकि, सिलीगुड़ी-मिरिक संपर्क पूरी तरह बाधित नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ह्यूमपाइप पुल से मुख्य रूप से भारी वाहनों की आवाजाही होती थी। देर रात बालासन नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी ह्यूमपाइप पुल के ऊपर से बहने लगा, जिसके कारण पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। हालांकि, इसके ठीक बगल में सेना की पहल पर बनाया गया बैली ब्रिज मौजूद है, जिससे हल्के वाहनों की आवाजाही जारी है।
गौरतलब है कि पिछले साल 4 अक्टूबर को पहाड़ों में हुई भारी बारिश के बाद बालासन नदी का जलस्तर बढ़ने से दूधिया का लोहे का पुल टूट गया था। इसके बाद तत्कालीन राज्य सरकार की पहल पर 27 अक्टूबर को ह्यूमपाइप पुल का निर्माण किया गया था। वहीं, सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच संपर्क बहाल रखने के लिए 8 जुलाई को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से बैली ब्रिज का उद्घाटन किया था। अब एक बार फिर बालासन नदी में जलस्तर बढ़ने से ह्यूमपाइप पुल टूटने के कारण मिरिक जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।





