राजगंज,7 जून (नि.सं)। सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना बीती रात गंडारमोड़-साहुडांगी राजकीय सड़क पर गंडारमोड़ संलग्न इलाके में घटी है। मृतक की पहचान धीरेन सरकार (58) के रूप में हुई है। वह राजगंज ब्लॉक अंतर्गत बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत के अकारीगछ बनभाषा गांव का निवासी था।
बताया गया है कि धीरेन सरकार दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करता था। उसके दो बेटे दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं। वह घर पर अकेला रहता था। बीती रात वह गोंडरमोड़ इलाके से घर लौट रहा था। उसी समय तेज रफ्तार बाइक ने धीरेन सरकार को टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में बरामद कर उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही भोरेर आलो थाने की पुलिस और कैनल मोड़ ट्रैफिक चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से घातक बाइक को बरामद किया। भोरेर आलो थाने की पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से इलाके में मातम पसर गया है।