उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले रात के समय शंकर छेत्री और काजल राय भक्तिनगर की ओर से पानीटंकी की तरफ पैदल जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक तेज रफ्तार सफेद कार ने अचानक दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों करीब 20 से 30 फीट दूर जाकर गिरे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शंकर छेत्री को मृत घोषित कर दिया। वहीं काजल राय गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी वाहन और चालक की तलाश शुरू की। परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। बाद में CCTV फुटेज, वाहन के नंबर और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
हालांकि, परिवार का आरोप है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद करीब 6 से 7 महीने बीत चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है। परिवार का सवाल है कि CCTV फुटेज समेत कई सबूत मौजूद होने के बावजूद न्यायिक प्रक्रिया में इतनी देरी क्यों हो रही है।
इसी मांग को लेकर गुरुवार को शंकर छेत्री के परिजनों और परिचितों ने सिलीगुड़ी अदालत के सामने प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि आरोपी के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई कर परिवार को न्याय दिलाया जाए। हादसे की रात शंकर के साथ मौजूद काजल राय भी परिवार के सदस्यों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। लंबे इंतजार के बाद भी न्याय नहीं मिलने से परिजनों ने नाराजगी जताई।





