नक्सलबाड़ी, 24 फरवरी(नि.सं)। नक्सलबाड़ी थाना परिसर में मंगलवार को भीषण आग लगने से जब्त की गई कई मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गई।जानकारी के अनुसार, थाने के पीछे खड़ी जब्त मोटरसाइकिलों में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने सबसे पहले आग बुझाने की कोशिश की। बाद में नक्सलबाड़ी दमकल की एक इंजन मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की घटना में कई जब्त मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था। आग लगने के कारणों की जांच नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस कर रही है। थाना परिसर के दोनों तरफ स्कूल और अस्पताल है। नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत के उपप्रधान विश्वजीत घोष ने कहा कि आग पर जल्दी काबू पा लेने से एक बड़ी घटना टल गई।
