खोरीबाड़ी, 24 सितंबर (नि.सं.)। भारत -नेपाल सीमा के महत्वपूर्ण क्षेत्र पानीटंकी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को अभियान चलाया है।खोरीबाड़ी के बीडीओ के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र की विभिन्न खाद्य दुकानों, मिठाई की दुकानों और होटलों में जांच की। इस दौरान कई दुकानों में अनियमितताएं सामने आई। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी कई खामियां पाई गई।
अभियान के दौरान कई दुकानों में आवश्यक फूड लाइसेंस नहीं मिले। कुछ दुकानों के पास ट्रेड लाइसेंस भी नहीं था। दस्तावेजों की जांच के बाद आवश्यक अनुमति के बिना कारोबार करने के आरोप में सीमा क्षेत्र की कुल 8 दुकानों को नोटिस जारी किया गया है।
जांच के दौरान कुछ दुकानों में एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी मिली है। इसके अलावा खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए जाने वाले फूड कलर को लेकर भी सवाल उठे। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री के भंडारण और इस्तेमाल में निर्धारित नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।
प्रशासन के अनुसार, पानीटंकी में खाद्य सुरक्षा विभाग का यह दूसरा अभियान है। पहले अभियान में नोटिस पाने वाली दुकानों पर भी दोबारा निगरानी की जाएगी और यह जांच की जाएगी।
खोरीबाड़ी के बीडीओ ने बताया कि सीमा क्षेत्र में खाद्य कारोबार से जुड़े संस्थानों को नियमों के अनुसार व्यवसाय करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। दुकानों में वैध फूड लाइसेंस और आवश्यक ट्रेड लाइसेंस होना अनिवार्य है। नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी नियमित जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पानीटंकी समेत खोरीबाड़ी ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।





