सिलीगुड़ी, 24 सितंबर (नि.सं.)। शिशु शिक्षा केंद्र (एसएसके) और माध्यमिक शिक्षा केंद्र (एमएसके) की शिक्षिकाओं ने लंबे समय से वेतन बकाया रहने के आरोप में गुरुवार को महकमा परिषद के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी शिक्षिकाओं का आरोप है कि जुलाई महीने से उनका वेतन बंद है। इस संबंध में पहले भी महकमा परिषद को जानकारी दी गई थी। एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शिक्षिकाओं ने आरोप लगाया कि गुरुवार को समस्या बताने पहुंचने पर संबंधित अधिकारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इससे नाराज शिक्षिकाओं ने महकमा परिषद के बाहर काफी देर तक प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग की।





