सिलीगुड़ी, 24 सितंबर (नि.सं.)। बिहार में अवैध रूप से शराब तस्करी करने के आरोप में प्रधान नगर थाने की पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग विदेशी ब्रांड की शराब बरामद की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर प्रधान नगर थाने की पुलिस ने सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित पेट्रोल पंप पर अभियान चलाया। इस दौरान तीन बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो लोगों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार (33) और मंजेश कुमार सिंह (40) के रूप में हुई है। दोनों बिहार के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों के पास मौजूद तीन बैगों की तलाशी लेने पर अलग-अलग ब्रांड की भारी मात्रा में शराब बरामद हुई है। शराब के संबंध में दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने एक सप्लायर से गुप्त रूप से शराब की खेप हासिल की थी और इसे बिहार ले जाने की योजना थी। पुलिस अब सप्लायर की पहचान करने के साथ ही इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध रूप से शराब तस्करी का मामला दर्ज कर गुरुवार को उन्हें सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है।




