पुलिस के अनुसार, घटना इसी महीने की 4 तारीख की सुबह हुई थी। कोलकाता से लौटे दंपती एनजेपी स्टेशन से टोटो में सवार होकर दागापुर स्थित अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि एनजेपी स्टेशन से ही स्कूटी सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। हिलकार्ट रोड पर मौका मिलते ही दोनों ने महिला के हाथ से हैंडबैग छीन लिया और फरार हो गए।
घटना के बाद 6 सितंबर को दंपती ने सिलीगुड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हिलकार्ट रोड समेत विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर 19 सितंबर को पत्ती कॉलोनी इलाके में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। दोनों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर पांच दिनों की पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के बाद बुधवार रात राजा दास के घर पर छापेमारी कर कथित तौर पर छिनतई किया गया एक आईफोन और करीब 4.50 ग्राम सोना बरामद किया गया।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी सुबह के समय एनजेपी स्टेशन से टोटो में सफर करने वाले यात्रियों पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही चलती टोटो में यात्रियों को निशाना बनाकर छिनतई करते थे। बरामद सामान को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शिकायतकर्ता दंपती को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।





