सिलीगुड़ी, 25 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 1 के पंचानन कॉलोनी इलाके में शुक्रवार सुबह किराए के मकान से 21 वर्षीय युवती का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान उत्तर दिनाजपुर निवासी प्रिया विश्वास के रूप में हुई है। वह करीब एक वर्ष से इलाके में किराए के मकान में रह रही थी और माटीगाड़ा स्थित एक मॉल में काम करती थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह प्रिया की नानी उससे मिलने पहुंची थी। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद प्रधान नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। उसके बाद गंभीर हालत में उसे सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका की मां ने अभिषेक नामक एक युवक पर प्रिया को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि दो दिन पहले भी उक्त युवक ने फोन कर प्रिया को परेशान किया था। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल से मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस मोबाइल से भी सुराग जुटाते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।





