पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात सिलीगुड़ी के शक्तिगढ़ रोड नंबर-5 स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर तीनों को हिरासत में लिया गया। बाद में काकली विश्वास नामक महिला को गिरफ्तार किया गया। आरोपी काकली विश्वास बिहार की रहने वाली है, जबकि हिरासत में ली गई दोनों युवतियां शक्तिगढ़ इलाके की निवासी बताई गई हैं।
आरोप है कि मैट्रिमोनी संस्था के नाम पर विभिन्न लोगों से फोन के जरिए संपर्क किया जाता था। युवक-युवतियों की तस्वीर और विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का भरोसा देकर उनसे मोटी रकम ली जाती थी। हालांकि, पैसे लेने के बाद कथित तौर पर वादे के अनुसार जानकारी या तस्वीर नहीं दी जाती थी।
पुलिस ने उस मैट्रिमोनी संस्था के मालिकों की भी तलाश शुरू कर दी है, जिसके नाम का कथित तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। गिरफ्तार काकली विश्वास को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।





