सिलीगुड़ी, 13 सितंबर (नि.सं.)। शहर में चल रहे चार लेन सड़क निर्माण कार्य के बीच आगामी 20 सितंबर से दार्जिलिंग मोड़ पर चार लेन के एक हिस्से को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद मल्लागुड़ी होते हुए दार्जिलिंग मोड़ से माटीगाड़ा की ओर वाहन आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। नई लेन शुरू होने से दार्जिलिंग मोड़ पर लगने वाले जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
रविवार को निर्माणाधीन सड़क के कार्य का जायजा लेने दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट दार्जिलिंग मोड़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इंजीनियरों से बातचीत कर सड़क निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद राजू बिष्ट ने बताया कि 20 सितंबर से सड़क की एक लेन को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि लेन का काम अंतिम चरण में है और अगले कुछ दिनों में बाकी कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। इंजीनियरों ने भी उन्हें निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया।
दार्जिलिंग मोड़ पर चार लेन का निर्माण कार्य चलने के कारण फिलहाल इलाके में भारी ट्रैफिक जाम की समस्या देखी जा रही है। इससे पहले भी स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानी सामने आ चुकी है। ऐसे में एक लेन के खुलने से यातायात का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
वहीं, चार लेन की पूरी परियोजना को भी जल्द पूरा करने की दिशा में काम तेज किया गया है। सांसद ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर चार लेन का पूरा निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।





