सिलीगुड़ी, 26 मार्च (नि.सं.)। सिलीगुड़ी की राजनीति को समझना बहुत मुश्किल है। कभी-कभी यह टकराव की राजनीति में बिजी हो जाती है। कभी-कभी शहर में मेल-मिलाप की राजनीति देखने को मिलती है।
राजू बिष्ट ने चुनाव प्रचार के दौरान टीएमसी उम्मीदवार और मेयर गौतम देव को “अच्छा इंसान” बताया, जिससे सियासी हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है।
राजू बिष्ट ने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर वह गौतम देव के खिलाफ कुछ नहीं कहना चाहते, लेकिन राजनीतिक रूप से अब उन्हें स्वीकार नहीं किया जा सकता है। उनकी पार्टी ने जो किया है, उसके लिए वह खुद जिम्मेदार है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले तक राजू बिष्ट ने गौतम देव पर व्यक्तिगत हमले भी किए थे, ऐसे में उनके इस बदले हुए बयान ने राजनीतिक माहौल को और दिलचस्प बना दिया है।
वहीं, गौतम देव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा के प्रचार में नरेंद्र मोदी और मिथुन चक्रवर्ती के आने की खबर है और वे सभी का स्वागत करते है।राजू बिष्ट यहां के सांसद है। मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि 23 अप्रैल को मैदान में और चुनाव परिणाम के दिन असली मुकाबला देखने को मिलेगा।
