दोस्त के साथ घूमने निकली युवती की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, एक घायल

राजगंज, 1 मार्च (नि.सं)। दोस्त के साथ घूमने जा रही एक युवती की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। घटना से इलाके में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान सुस्मिता राय चौधरी के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के लेनिन स्मरणी इलाके की निवासी थी। शनिवार दोपहर वह अपने दोस्त सुमन सरकार के साथ बाइक से गाजोलडोबा की ओर जा रही थी। आरोप है कि फूलबाड़ी–गाजोलडोबा कैनाल रोड स्थित नावापाड़ा ट्रैफिक मोड़ के पास एक डंपर ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक से सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के तुरंत बाद नावापाड़ा ट्रैफिक गार्ड की पुलिस ने घायलों को मौके से उठाकर फूलबाड़ी के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान कुछ घंटों बाद सुस्मिता रॉय चौधरी की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजन नर्सिंग होम पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *