नक्सलबाड़ी, 27 दिसंबर(नि.सं.)। काम के सिलसिले में बाहर रहने वाली बेटी के नाम SIR सुनवाई का नोटिस आने से परिवार दहशत में है। माटीगाड़ा–नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अपर बागडोगरा ग्राम पंचायत के 48 नंबर पार्ट के पश्चिम सुकांतनगर की मतदाता पूजा राई रोजगार के कारण दिल्ली में रहती है। 25 दिसंबर को पूजा राई के नाम से SIR सुनवाई का नोटिस घर पहुंचा। नोटिस मिलने के बाद से ही परिवार चिंता में था। शनिवार को पूजा के माता-पिता नक्सलबाड़ी बीडीओ कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि मतदाता की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य है। इससे परिवार को बेटी का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का डर सताने लगा।
पूजा के पिता शांत कुमार राई ने कहा कि उनकी बेटी बाहर काम करने के कारण उपस्थित नहीं हो सकी। उन्होंने प्रशासन से अतिरिक्त समय देने की मांग की, ताकि पूजा खुद आकर सुनवाई में शामिल हो सके।
वहीं, ग्राम पंचायत सदस्य ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि काम के सिलसिले में कई लोग बाहर रहते हैं, ऐसे में उन्हें सुनवाई के लिए अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर जिलाधिकारी और निर्वाचन आयोग से लिखित आवेदन किया जाएगा।
