सिलीगुड़ी , 27 नवंबर (नि.सं)। माटीगाड़ा थाना की सफेद पोशाक पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम कन्हैया कुमार (21) है। वो बिहार के बेगूसराय का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार माटीगाड़ा के चांदमुनी इलाके में एक घर किराए पर लेकर आरोपी लंबे समय से शराब की तस्करी का काम कर रहा था। आरोपी सिक्किम से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब अवैध रूप से लाकर सिलीगुड़ी में अपने किराए के मकान में जमा करता था। इसके बाद वह इसे बिहार में ऊंचे दामों में बेच देता था। पिछले कुछ दिनों से चल रहे इस अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिलने पर बीते कल रात माटीगाड़ा थाना की सफेद पोशाक पुलिस ने उस किराए के घर में छापेमारी की। इस दौरान मौके से नामी-दामी ब्रांड की कुल 744 बोतल विदेशी शराब की बोतल बरामद हुई। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आज आरोपी को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की गई है। ताकि पुलिस यह पता लगा सके कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
