फुलबाड़ी, 17 सितंबर (नि.सं.)। लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने की दिशा में है। फुलबाड़ी टोल गेट से इनटेक वेल तक फुलबाड़ी-घोषपुकुर बाईपास सड़क के पुनर्निर्माण कार्य की गुरुवार को शुरुआत हुई है। पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री शंकर घोष और डाबग्राम-फुलबाड़ी की विधायक शिखा चटर्जी ने दीप प्रज्वलित कर और शिलापट्ट का अनावरण कर कार्य का शुभारंभ किया है। कार्यक्रम में एसजेडीए के सीईओ बीर विक्रम राय, डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद, प्रशासन के अन्य अधिकारी और स्थानीय नेता मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, फुलबाड़ी टोल गेट से इनटेक वेल तक करीब 1.40 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा। सड़क की चौड़ाई 10.50 मीटर होगी। पुरानी और जर्जर सड़क की ऊपरी परत हटाकर नई बिटुमिनस सड़क बनाई जाएगी। परियोजना पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले सड़क को कम से कम मोटरेबल यानी वाहनों के आवागमन योग्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही फुलबाड़ी टोल गेट की टेंडर प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद टोल गेट से संबंधित बाकी कार्य भी आगे बढ़ाए जाएंगे।
लंबे समय से खराब सड़क की समस्या दूर होने और नई सड़क बनने के बाद फुलबाड़ी, घोषपुकुर और आसपास के इलाकों की यातायात व्यवस्था में सुविधा होने की उम्मीद है।





