जलपाईगुड़ी, 31 अक्टूबर(नि.सं.)। आधार कार्ड में गलतियों को सुधारने, जानकारी अपडेट कराने और बच्चों का नया आधार बनवाने के लिए शनिवार को जलपाईगुड़ी मुख्य डाकघर के बाहर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। टोकन लेने के लिए लोगों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। स्थिति ऐसी थी कि कतार मुख्य डाकघर से निकलकर आसपास की सड़कों तक पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के से ही लोग डाकघर के बाहर जमा होने लगे थे। कोई रात 3 बजे तो कोई सुबह 4 बजे से ही कतार में खड़ा था। आधार कार्ड में नाम, पता समेत अन्य गलतियों को ठीक कराने और बच्चों के आधार संबंधी कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली थाने की पुलिस तैनात करनी पड़ी। डाकघर प्रशासन के अनुसार, आमतौर पर डाकघर सुबह 10 बजे खुलता है, लेकिन लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए शनिवार सुबह 8 बजे से ही छह काउंटरों पर टोकन वितरण शुरू कर दिया गया। इसके बावजूद भीड़ को संभालने में अधिकारियों को काफी परेशानी हुई।
कतार में खड़े लोगों का आरोप है कि हर महीने उन्हें इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने आधार संबंधी सेवाओं को जल्द और सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के साथ ही कतार के बेहतर प्रबंधन की मांग की है।





