तृणमूल नेता के भाजपा में शामिल होने की तस्वीर वायरल, फांसीदेवा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जलाया पुतला
फांसीदेवा, 31 अक्टूबर (नि.सं.)। तृणमूल कांग्रेस के एक नेता के भाजपा में शामिल होने की कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद फांसीदेवा में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी देखने को मिली है। कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर नेता का पुतला जलाया और अपना विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, फांसीदेवा ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष काजल घोष की दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सुनील बंसल के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। इसके बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि काजल घोष पर कई भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्तता के आरोप रहे हैं और तृणमूल शासन के दौरान उन्होंने इलाके में अशांति फैलाने का काम किया था। उनका यह भी दावा है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पट्टा जमीन पर कब्जे के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। ऐसे में उनके भाजपा में शामिल होने की खबर से कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से शिकायत की जाएगी।
वहीं, इस मामले में काजल घोष की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है। दूसरी ओर, भाजपा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला अध्यक्ष अरुण मंडल ने कहा कि उन्हें काजल घोष के भाजपा में शामिल होने की कोई जानकारी नहीं है। राज्य या केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भी इस संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई है।





