फांसीदेवा, 28 मार्च(नि.सं.)। तेज आंधी-तूफान ने फांसीदेवा के विस्तृत इलाकों में भारी तबाही मचाई है। शुक्रवार रात करीब आधे घंटे तक चले इस तूफान ने फांसीदेवा ब्लॉक के विधाननगर क्षेत्र के बादलकाटा, भरियाखाली, मधुपुर और मिनी ढाकपाड़ा इलाकों को बुरी तरह प्रभावित किया।
जानकारी के अनुसार, सबसे ज्यादा नुकसान मिनी ढाकपाड़ा गांव में हुआ है, जहां 40 से अधिक घरों की टिन की छते उड़ गई है। अचानक आई इस आपदा से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घरों के अंदर रखे फर्नीचर से लेकर खाद्य सामग्री तक को भारी नुकसान पहुंचा है।
वहीं, आंधी के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। अनानास और मक्का की फसल बुरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
तूफान के चलते कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। बिजली के खंभे टूटने और तार क्षतिग्रस्त होने के कारण कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवार सरकारी सहायता की उम्मीद लगाए बैठे है।
