बागडोगरा, 17 दिसंबर (नि.सं)। हैरान करने वाली घटना बागडोगरा से सामने आई है, जहां एक जीवित महिला मतदाता को वोटर लिस्ट में मृत दिखा दिया गया। इस घटना से महिला और उनका परिवार दहशत में है। पीड़िता का नाम शिबानी पाल है।
जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय शिबानी पाल बागडोगरा के विवेकानंद पल्ली की निवासी है। वह बागडोगरा गांधी स्मृति प्राथमिक विद्यालय में मतदान करती हैं। बीते दिन जारी हुई मतदाता सूची के खसड़ा (ड्राफ्ट) में उनका नाम मृत मतदाताओं की सूची में दर्ज पाया गया।
पीड़िता शिबानी पाल का कहना है कि उन्होंने एसआईआर फॉर्म भरकर बीएलओ के पास जमा किया था। इसके बावजूद उन्हें मृत दिखाया गया है। जिससे पूरा परिवार असमंजस और भय में है। उन्होंने प्रशासन से जल्द इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
वहीं, संबंधित बीएलओ का दावा है कि इस महिला का नाम मृत सूची में नहीं भेजा गया था। यह कैसे हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है, लेकिन मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी जाएगी।
इस संबंध में अपर बागडोगरा ग्राम पंचायत के प्रधान ने कहा कि किसी जीवित मतदाता का नाम मृत सूची में नहीं आना चाहिए। बीएलओ की सूची में शिबानी पाल का नाम मृत नहीं है, फिर भी उन्हें मृत दिखाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की ओर से साजिश की जा रही है।
