खोरीबाड़ी, 28 फरवरी(नि.सं)। चुनाव की तारीखों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही राज्य में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती शुरू हो गई है। शनिवार को मतदाता सूची प्रकाशित होते ही नक्सलबाड़ी, खोरीबाड़ी और फांसीदेवा क्षेत्रों में 3 कंपनियां केंद्रीय बल की पहुंच गईं।
जानकारी के अनुसार, मालबाजार से एसएसबी की एक कंपनी खोरीबाड़ी पहुंची है, जबकि एक अन्य कंपनी फांसीदेवा में तैनात की गई है। खोरीबाड़ी के जेआर हिंदी हाई स्कूल और फांसीदेवा किसान बाजार में केंद्रीय बलों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। वहीं सिक्किम से एसएसबी के 97 जवानों की एक कंपनी नक्सलबाड़ी पहुंची है। उनके रहने की व्यवस्था नक्सलबाड़ी कॉलेज में की गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कल से ये केंद्रीय बल फांसीदेवा और माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के संवेदनशील बूथों और सीमावर्ती इलाकों में रूट मार्च शुरू करेंगे।
