खोरीबाड़ी, 24 मार्च (नि.सं.)। खोरीबाड़ी के बातासी में बस में अचानक धुआं निकलता देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस बड़े हादसे से यात्री बाल-बाल बच गये। बताया गया है कि शुक्रवार को एक यात्री बस गलगलिया से सिलीगुड़ी की ओर आ रही थी।
तभी खोरीबाड़ी के बातासी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक बस से धुआं निकलने लगा। इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गयी। देखते ही देखते राष्ट्रीय राजमार्ग काले धुएं से भर गया।जिसके बाद बस से यात्री उतर गए। वहीं, घटना से इलाके में जाम की समस्या देखी गई।
दूसरी ओर, घटना की सूचना मिलने पर खोरीबाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि बाद में बस से धुआं निकला बंद हो गया। इस संबंध में बस के चालक बप्पी बर्मन ने बताया कि घटना यांत्रिक कारणों से हुई है। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
