सिलीगुड़ी, 28 फरवरी(नि.सं)। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322F का 26वां वार्षिक जिला सम्मेलन सिलीगुड़ी के मेफेयर टी रिसोर्ट में आयोजित किया गया। यह सम्मेलन दो दिनों तक चलेगा।
कार्यक्रम में लायंस के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय ध्वज फहराने और दीप प्रज्वलन के साथ सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके बाद सदस्यों को सम्मानित किया गया और विभिन्न संगठनात्मक व सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
रविवार को कंचनजंघा स्टेडियम से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद मेफेयर में नाश्ता, ‘लायंस की होली’ कार्यक्रम और ऑनलाइन चुनाव आयोजित होंगे।
सम्मेलन के समापन सत्र में प्रस्ताव समिति की रिपोर्ट पेश की जाएगी और नई जिला कमेटी की घोषणा की जाएगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय निदेशक पद के प्रत्याशी के समर्थन में मतदान भी होगा। नव-निर्वाचित नेतृत्व को सम्मानित किया जाएगा तथा 2026-27 सत्र के लिए नए लोगो और स्लोगन का अनावरण किया जाएगा।
