सिलीगुड़ी, 22 मार्च (नि.सं.)। शहर के ईस्टर्न बाईपास के पास वार्ड नंबर 42 में एक डिपार्टमेंटल स्टोर की आड़ में शराब की दुकान चलाने के आरोप को लेकर रविवार को इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और सिलीगुड़ी राजवंशी क्षत्रिय वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने दुकान के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में प्लेकार्ड लेकर नारेबाजी की और दुकान को बंद करने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि डिपार्टमेंटल स्टोर के नाम पर अवैध रूप से शराब का कारोबार किया जा रहा है, जिससे इलाके के सामाजिक माहौल पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्ष 2024 में भी इसी स्थान पर लाइसेंस प्राप्त शराब की दुकान खोली गई थी, जिसे विरोध के बाद बंद कर दिया गया था। अब दोबारा उसी जगह इस तरह की गतिविधि शुरू होने से लोगों में नाराजगी है।
सूचना मिलते ही भक्तिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं वार्ड नंबर 42 की पार्षद शोभा सुब्बा भी घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने दुकान के अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामला शांत कराया।
वहीं वार्ड पार्षद शोभा सुब्बा ने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। दुकान का मालिक फिलहाल इलाज के लिए बाहर है, उसके लौटने के बाद सभी पक्षों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। काफी देर तक चले विरोध के बाद पुलिस और प्रशासन के आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। बाद में दुकान को बंद कर दिया गया।
