सिलीगुड़ी, 15 अप्रैल (नि.सं.)। मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में पुलिस ने दो महिला मादक तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा है। पुलिस ने बागडोगरा के बिहार मोड़ पर ब्राउन शुगर के साथ उक्त दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाओं के नाम कामना सरकार और रितु राय हैं। ये कूचबिहार और माटीगाड़ा की रहने वाली हैं।
बताया गया है कि दो महिलाएं मालदा से ब्राउन शुगर लेकर बागडोगरा आई थी। गुप्त सूत्रों के आधार पर बागडोगरा पुलिस और एसओजी ने बागडोगरा के बिहार मोड़ पर संयुक्त अभियान चलाकर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया।
इनके पास से 281 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की बाजार में कीमत लगभग लाखों रुपये है। आरोपियों को रविवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जायेगा।
