उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
PM मोदी ने वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को किया सम्मानित, परिवार में जश्न
सिलीगुड़ी, 9 मई (नि.सं.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को सम्मानित किया है। इस खबर के बाद सिलीगुड़ी के डाबग्राम इलाके स्थित उनके घर में उत्सव का माहौल है।परिवार के अनुसार, माखनलाल सरकार का राजनीतिक जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से शुरू हुआ था। बाद में वे भारतीय जनता पार्टी (भजपा) से जुड़े। वर्ष 1981 में अटल बिहारी वाजपेयी के समय उन्होंने दार्जिलिंग जिला भाजपा कमेटी का गठन किया और अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
पेशे से व्यवसायी होने के बावजूद उन्होंने सिलीगुड़ी के खालपाड़ा, खोरीबाड़ी समेत उत्तर बंगाल के कई इलाकों में पार्टी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के करीबी सहयोगी भी रहे।
माखनलाल सरकार के बड़े बेटे माणिक सरकार ने बताया कि उनके पिता आरएसएस से जुड़े रहने के समय से ही भाजपा की विचारधारा से प्रेरित थे। उत्तर बंगाल में भाजपा की मजबूत नींव रखने के बाद भी वे कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक बने रहे। प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाना उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण है।
