सिलीगुड़ी, 8 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के शिवमंदिर हालेर माथा इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जहां पर पति ने अपनी पत्नी की हत्या के तीन दिन बाद खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने घर से आज महिला का शव बरामद किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सुबह आरोपी पति अरिद्र बनर्जी ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी देबलिना बनर्जी की हत्या कर दी है। शव घर के भीतर ही पड़ा हुआ है। इसके साथ ही उसने यह भी बताया कि वह अपने 11 साल के बेटे के साथ है। सूचना मिलते ही सिलीगुड़ी डीसीपी काजी शमसुद्दीन अहमद, माटीगाड़ा थाना के आईसी मनोजित सरकार पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पर स्थित एक फ्लैट के चौथे मंजिल के अंदर कंबल में लिपटा महिला का शव बरामद किया।
मृतका देबलिना बनर्जी पेशे से एक स्कूल शिक्षिका थी। उसका आरोपी पति बैंक कर्मचारी बताया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है।
डीसीपी काजी शमसुद्दीन अहमद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या रविवार दोपहर के बाद की गई है। मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
