नक्सलबाड़ी में भीषण आग, पूरा घर जलकर खाक

नक्सलबाड़ी, 7 फरवरी(नि.सं)। नक्सलबाड़ी के मणिराम ग्राम पंचायत क्षेत्र के ढाकना कॉलोनी में शुक्रवार शाम भीषण आग लगने से एक पूरा घर जलकर खाक हो गया। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।


जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम अचानक एक घर में आग लग गई। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी। आग की चपेट में आकर एक परिवार के दो कमरे, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि एक अन्य कमरा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है।

बताया गया है कि परिवार का एक सदस्य कक्षा 11 का छात्र है, जिसकी सभी पाठ्यपुस्तकें आग में जलकर नष्ट हो गई। इलाका घना होने के कारण दमकल की गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने ही आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *