सिलीगुड़ी, 27 नवंबर (नि.सं)। माटीगाड़ा थाना अंतर्गत रामकृष्ण पाड़ा इलाके में ड्यूटी पर जा रही एक गैर सरकारी अस्पताल की आया पर जानलेवा हमले की घटना से इलाके में सनसनी फेल गई।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला प्रतिदिन की तरह बीते शाम माटीगाड़ा थाना अंतर्गत एक गैर सरकारी अस्पताल में ड्यूटी पर जा रही थी। इस दौरान रामकृष्ण पाड़ा के सुनसान अंधेरी गली में पीछे से एक युवक ने अचानक महिला के गले पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। किसी तरह अपनी जान बचाकर महिला भागते हुए माटीगाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण महिला को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, बाद में घायल महिला को एक गैर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर महिला का इलाज चल रहा है। घायल महिला का नाम रंजू खातून बताया जा रहा है। इधर, इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में महिला की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना किसी पुरानी रंजिश के कारण हो सकती है।फिलहाल, पुलिस हमलावर युवक की तलाश में जुट गई है। माटीगाड़ा थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
