सिलीगुड़ी, 5 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधाननगर थाने की पुलिस ने देर रात एक नंबर वार्ड के राजेंद्र नगर इलाके में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार करने के साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर प्रधाननगर थाने की सफेद पोशाक पुलिस ने देर रात राजेंद्र नगर इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने निखिल कुमार साहानी (21) को हिरासत में लिया। वह राजेंद्र नगर का निवासी है।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बिना वैध दस्तावेजों के भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया। इसके साथ ही कथित तौर पर शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी अपने कब्जे में ले लिया गया।
घटना के बाद प्रधाननगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





