सिलीगुड़ी, 5 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के 26 नंबर वार्ड के बाबूपाड़ा स्थित आलो चौधरी मोड़ इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने कड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को एक बहुमंजिली इमारत के अवैध हिस्से को तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में हलचल देखने को मिली।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, संबंधित बहुमंजिली इमारत में बिना अनुमति अतिरिक्त निर्माण किया गया था। मामला सामने आने के बाद मकान मालिक को नोटिस जारी कर निर्धारित समयसीमा के भीतर अवैध हिस्से को हटाने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, समयसीमा समाप्त होने के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया।
इसके बाद शनिवार को नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अभियान चलाकर इमारत के अवैध हिस्से को तोड़ दिया। इस दौरान नगर निगम के संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





