सिलीगुड़ी, 3 फरवरी (नि.सं)। शहर के दो महत्वपूर्ण इलाकों का नया नामकरण सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी गर्ल्स हाई स्कूल से सटे मार्ग का नामकरण विद्यालय की पूर्व शिक्षिका अमिया सेनगुप्ता की स्मृति में किया गया है। इस सड़क का नया नाम अब अमिया सेनगुप्ता सारणी होगा।
वहीं, कोर्ट मोड़ से सिलीगुड़ी नगर निगम भवन के आसपास और उससे सटे कुछ क्षेत्रों को मिलाकर नए सिरे से “कॉरपोरेशन पाड़ा” नाम दिया गया है। नगर निगम सूत्रों के अनुसार, शहर के प्रशासनिक और नागरिक ढांचे से जुड़े इस इलाके को एक अलग पहचान देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम के माध्यम से इस नामकरण का शुभारंभ सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने किया। इस अवसर पर मेयर परिषद के सदस्य, संबंधित वार्ड के पार्षद तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मेयर गौतम देव ने कहा कि शहर के इतिहास, शिक्षा और विकास से जुड़े व्यक्तित्वों की स्मृति में इस प्रकार का नामकरण भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। वहीं, शहर के विभिन्न इलाकों को योजनाबद्ध तरीके से चिन्हित करना भी इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य है।
