फूलबाड़ी, 19 नवंबर (नि.सं.)। फूलबाड़ी के पश्चिम धनतला गांव में पक्की सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है। केंद्र सरकार की ग्रामीण रोजगार योजना ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ यानी ‘वीबी-जी राम जी’ योजना के तहत गुरुवार को फूलबाड़ी-2 नंबर ग्राम पंचायत के पश्चिम धनतला गांव में पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
जानकारी के अनुसार, इस सड़क निर्माण परियोजना के लिए करीब साढ़े तीन लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। गुरुवार को स्थानीय विशिष्ट लोगों की मौजूदगी में विधिवत रूप से निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों को अब इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर समाजसेवी राहुल बर्मन, ग्राम पंचायत सदस्य उत्तम सरकार, सूरज मल्लिक, मामनी दास समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में सड़क निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया।





