सिलीगुड़ी,11 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में पेयजल संकट के समाधान के लिए मेगा प्रोजेक्ट पर सिलीगुड़ी नगर निगम ने मंथन शुरू कर दिया है। जिसे लेकर सर्वे भी शुरू हो चुका है। मेयर गौतम देव ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी नगर निगम में जन स्वास्थ्य तकनीकी विभाग, सिंचाई विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
आपको बता दे कि वर्तमान में फुलबाड़ी महानंदा नदी से पर्याप्त पानी नहीं आता है। सिलीगुड़ी में केवल 55 एमएलडी पानी आता है। हालांकि, सिलीगुड़ी को इस समय 77 एमएलडी पानी की जरूरत है। जिससे शहर में कई जगहों पर पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
इस बीच, शहर में आबादी बढ़ रही है। जिससे दिन पर दिन पानी की किल्लत बढ़ रही है। जिसे देखते हुए निगम ने मेगा प्रोजेक्ट पर मंथन शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि गाजोलडोबा में मेगा प्रोजेक्ट का कार्य शुरू होगा। जहां से पाइप के जरिए फूलबाड़ी में पानी लाया जाएगा। फिर वहां से सिलीगुड़ी को पानी की सप्लाई की जाएगी।
