राजगंज, 26 मार्च (नि.सं.)। राजगंज में भाजपा के उम्मीदवार को लेकर पार्टी के अंदर ही जबरदस्त असंतोष सामने आया है। उम्मीदवार बदलने की मांग को लेकर कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया।
दरअसल, भाजपा नेतृत्व द्वारा तीसरी सूची जारी किए जाने के बाद राजगंज विधानसभा सीट से दिनेश सरकार उर्फ हराधन को उम्मीदवार घोषित किया गया। इस घोषणा के तुरंत बाद ही पार्टी के भीतर नाराज़गी बढ़ने लगी।
गुरुवार को बागडोगरा इलाके में कार्यकर्ता और समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए साफ कहा कि वे मौजूदा उम्मीदवार को स्वीकार नहीं करेंगे। उनका कहना है कि जल्द से जल्द उम्मीदवार बदला जाए, नहीं तो इसका असर चुनाव पर पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग उठाई कि राजगंज सीट से राजवंशी समुदाय के उम्मीदवार को टिकट दिया जाए। इस दौरान भाजपा के राज्य सचिव और जलपाईगुड़ी के पूर्व जिला अध्यक्ष बापी गोस्वामी के खिलाफ भी नाराज़गी जाहिर की गई। कार्यकर्ताओं ने उन पर उम्मीदवार चयन को लेकर कई आरोप लगाए। फिलहाल इस मुद्दे ने चुनावी माहौल में पार्टी के अंदरूनी मतभेद को उजागर कर दिया है।
