मंगलवार सुबह फाटापुकुर ट्रैफिक मोड़ के पास ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों ने एक कंटेनर को खड़ा देखा। पास जाकर जांच करने पर वाहन में चालक और खलासी दोनों नहीं मिले। कंटेनर से खून और अन्य तरल पदार्थ बाहर निकलता देख ट्रैफिक कर्मियों को संदेह हुआ।
इसके बाद राजगंज थाने को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को बंधुनगर के पास एक फार्म में ले गई। कंटेनर का दरवाजा खोलते ही अंदर भैंसों को बेहद तंग हालत में ठूंसकर रखा हुआ पाया गया। कुछ भैंस के पैर रस्सी से बंधे हुए थे।
पुलिस ने सभी भैंसों को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में 23 भैंसों को मृत और 9 को जीवित पाया गया। कंटेनर को राजगंज थाने ले जाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कंटेनर उत्तर प्रदेश का है। चालक और खलासी के मौके से फरार होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।





